नयी दिल्ली , मई 20 -- ऑटो और बैंकिंग कंपनियों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजार बुधवार को शुरुआती गिरावट से उबरते हुए अंत में बढ़त के साथ बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 117.54 अंक (0.16 प्रतिशत) की मजबूती के साथ 75,318.39 अंक पर पहुंच गया। बाजार में आज 877 अंक का उतार-चढ़ाव रहा। बीच कारोबार में सेंसेक्स नीचे 74,529 अंक और ऊपर 75,406 अंक तक गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 41 अंक यानी 0.17 प्रतिशत चढ़कर 23,659 अंक पर बंद हुआ।
वृहत बाजार भी सुबह लाल निशान में रहने के बाद में हरे निशान में चला गया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.49 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.04 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
तेल एवं गैस, ऑटो, बैंकिंग और रियलटी सेक्टरों में तेजी रही जबकि मीडिया, एफएमसीजी और आईटी सेक्टर दबाव में रहे।
एनएसई में जिन 3,372 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,720 के शेयर हरे निशान में और 1,542 के लाल निशान में रहे। अन्य 100 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 से 15 कंपनियों के शेयरों में तेजी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर सबसे ज्यादा 2.83 प्रतिशत चढ़ा। बजाज फिनसर्व का शेयर 1.29 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.01 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, इंडिगो, ट्रेंट, अडानी पोर्ट्स,पावरग्रिड और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में भी मजबूती रही।
बीईएल में 2.30 फीसदी की गिरावट दर्ज की गयी। टेक महिंद्रा का शेयर 1.85 प्रतिशत, इटरनल का 1.52, टाटा स्टील का 1.08 और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.03 प्रतिशत टूटा। आईटीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारती एयरटेल और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी नीचे रहे।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.23 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 0.57 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.18 प्रतिशत उतर गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.54 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.19 प्रतिशत ऊपर था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित