नयी दिल्ली , जून 08 -- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को यहां पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात की और उनके साथ केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और पश्चिम बंगाल में ऋण सुविधाओं को मजबूत करने जैसे विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। वित्त मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार बैठक के दौरान राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में ऋण उपलब्धता और केंद्र सरकार की योजनाओं के कार्यान्वयन पर चर्चा हुई।

श्रीमती सीतारमण ने श्री अधिकारी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप पश्चिम बंगाल के विकास पथ को गति देने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के साथ घनिष्ठ समन्वय से प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और पीएम स्वनिधि जैसी प्रमुख योजनाओं के तहत सभी पात्र लाभार्थियों को लाभ पहुंचाने के लिए नए सिरे से व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री के अनुरोध पर, श्रीमती सीतारमण ने कहा कि ऋण उपलब्धता बढ़ाने के लिए पश्चिम बंगाल के सभी क्षेत्रों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, प्रमुख उद्योग निकायों और एमएसएमई संघों के साथ गोलमेज बैठकें आयोजित की जाएंगी।

वित्त मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि पश्चिम बंगाल ग्रामीण बैंक के प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी, जिसमें राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को मजबूत करने और औपचारिक ऋण तक पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

श्रीमती सीतारमण ने राज्य भर में पूंजीगत अवसंरचना को मजबूत करने के लिए पूंजी निवेश योजना (एसएएससीआई) के तहत पश्चिम बंगाल से मिलने वाले प्रस्तावों के समुचित प्रसंस्करण के लिए समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने राज्य सरकार से राज्यों के लिए पूंजीगत निवेश की विशेष सहायता योजना (एसएएससीआई ) के सुधार-संबंधी घटक के तहत पहचाने गए सुधारों के कार्यान्वयन में पश्चिम बंगाल में तेजी लाने का भी आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित