कोलकाता , अक्टूबर 12 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आगामी कोलकाता और हावड़ा नगर निकाय चुनावों में मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए 'ट्रिपल-इंजन' सरकार बनाने की मांग की है।

श्री अधिकारी ने कहा, "प्रधानमंत्री के आह्वान पर आपने हमें डबल-इंजन सरकार दी। अब मुख्यमंत्री के आह्वान पर हमें ट्रिपल-इंजन सरकार देनी है। क्या आप हमें हावड़ा और कोलकाता देंगे। कोलकाता की सड़कों पर खड़े होकर मैं आपसे दोनों हाथ फैलाकर अपील कर रहा हूं-क्या आप हमें हावड़ा और कोलकाता देंगे।"मुख्यमंत्री मध्य कोलकाता में भाजपा की जीत के जश्न वाली सभा को संबोधित कर रहे थे। गौरतलब है कि इससे पहले नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनावों में पार्टी की जीत का जश्न मनाने के लिए हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विजय जुलूस निकाला था।

यह जुलूस मुरलीधर सेन लेन स्थित भाजपा के राज्य मुख्यालय से शुरू हुआ और मध्य कोलकाता से होते हुए धर्मतल्ला की ओर बढ़ा, जहां सभा आयोजित की गई थी। जुलूस में हजारों भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पार्टी के झंडे लिए और नारे लगाते हुए शामिल हुए।

श्री अधिकारी धर्मतल्ला में मंच पर जाने से पहले और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने चौरंगी स्क्वायर में शिक्षाविद और कानूनविद सर आशुतोष मुखर्जी की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। ग्रेड-I हेरिटेज सूची में शामिल यह प्रतिमा चौरंगी स्क्वायर में विक्टोरिया हाउस के सामने और 'द स्टेट्समैन हाउस' से थोड़ी ही दूरी पर स्थित है। यह रैली दोनों उपचुनावों में भाजपा की जीत के बाद आयोजित की गई थी। पार्टी इन नतीजों को आगामी नगर निकाय चुनावों से पहले अपने समर्थन आधार के विस्तार के सबूत के तौर पर पेश करना चाहती है।

श्री अधिकारी ने रेजीनगर चुनाव प्रचार के दौरान 'आम जनता उन्नयन पार्टी' के अध्यक्ष और विधायक हुमायूं कबीर की विवादास्पद टिप्पणियों को लेकर उन पर तीखा हमला भी किया। श्री अधिकारी ने कहा, "उन्होंने कहा था कि वह 30 प्रतिशत लोगों को भागीरथी के पानी में बहा देंगे। अब वह खुद नाक तक पानी और अपने ही आंसुओं में डूब रहे हैं।"श्री कबीर ने 2026 के विधानसभा चुनावों में नाओडा और रेजीनगर दोनों सीटें जीती थीं लेकिन बाद में नियमों के अनुसार रेजीनगर सीट छोड़ दी थी। इसके बाद उनके बेटे ने उस निर्वाचन क्षेत्र से 'आम जनता उन्नयन पार्टी' के उम्मीदवार के तौर पर उपचुनाव लड़ा। श्री कबीर ने रेजीनगर में प्रचार के दौरान कहा था कि वह 'हिंदुओं को काटकर भागीरथी के पानी में बहा देंगे', जिससे पश्चिम बंगाल में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।

रेजीनगर में लगभग 70 प्रतिशत मुस्लिम और 30 प्रतिशत हिंदू मतदाता हैं। निर्वाचन क्षेत्र के चुनावी समीकरण के बावजूद श्री कबीर के बेटे उपचुनाव हार गए। भाजपा उम्मीदवार शंकर सरकार ने उन्हें 75,000 से अधिक मतों से हराया। श्री कबीर ने हार का अंदाज़ा होने पर नतीजे घोषित होने से पहले ही राजनीति से संन्यास की घोषणा कर दी और बाद में रो पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित