कोलकाता , जून 19 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यहां रेड रोड पर 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के भव्य समारोह की तैयारियों के तहत शुक्रवार को शहर के मध्य क्षेत्र से होकर गुजरने वाली दो किलोमीटर की मैराथन का नेतृत्व किया।

यह मैराथन कोलकाता नगर निगम (केएमसी) मुख्यालय से शुरू होकर ऐतिहासिक 'राइटर्स बिल्डिंग' पर जाकर समाप्त हुई।

'रन फॉर योग' मैराथन को मुख्यमंत्री ने केएमसी मुख्यालय के सामने बने एक मंच से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मैराथन में आयुष मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इंद्रनील खान, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तापस रॉय और शहरी विकास एवं नगर मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल सहित कई मंत्रियों ने भाग लिया। हजारों फिटनेस प्रेमियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल जगत की जानी-मानी हस्ती लिएंडर पेस ने भी मैराथन और योग सत्र में हिस्सा लिया।

मैराथन का मार्ग एस एन बनर्जी, एस्प्लेनेड और बेंटिंक स्ट्रीट सहित शहर के कुछ सबसे व्यस्त इलाकों से होकर गुजरा और अंत में राइटर्स बिल्डिंग पर एक सामूहिक योग सत्र में बदल गया। मुख्य कार्यक्रम से पहले आयोजित इस आयोजन में 30,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया और फिटनेस तथा एकता का संदेश दिया।

आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कल सूर्यास्त के बाद 500 नावों पर योग के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने लोगों से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए गंगा नदी के दोनों किनारों पर खड़े होने का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा, "ड्रोन के जरिये योग के प्रदर्शन से कोलकाता जगमगा उठेगा। यह शहर योग दिवस मनाने का एक ऐतिहासिक और असाधारण रिकॉर्ड देखेगा। यह शहर योग दिवस के पिछले 11 वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ देगा।"इस पहल की सराहना करते हुए भारत के पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने कहा, "मैं इससे बहुत प्रभावित हूं कि श्री अधिकारी ने आम जनता समेत हर किसी के साथ पूरी मैराथन में भाग लिया। यह बहुत अच्छी बात है कि खेल, योग, दौड़ और ध्यान जैसी चीजें, जो लोगों को अच्छा स्वास्थ्य देती हैं, उन्हें इस तरह मनाया जा रहा है।"दिलचस्प यह भी रहा कि तृणमूल कांग्रेस के दो निवर्तमान पार्षद भी रविवार को शहर में होने वाले आगामी भव्य अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस शुरुआती कार्यक्रम में प्रतिभागियों के रूप में नजर आये। पूर्व पार्षदों श्री असीम बोस और श्री शम्स इकबाल ने दावा किया कि उनका इस कार्यक्रम में शामिल होना पूरी तरह फिटनेस पर केंद्रित था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित