कोलकाता , अप्रैल 23 -- पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार एवं वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को नंदीग्राम मतदान केन्द्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और पार्टी की जीत का भरोसा जताया।

श्री अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस का इस बार चुनाव जीतने का कोई मौका नहीं है।

पश्चिम बंगाल में आज पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। राज्य में दो चरणों में मतदान कराया जा रहा है। जबकि पिछली बार आठ चरणों में मतदान कराया गया था। श्री अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया का ज़िक्र करते हुए कहा कि मृतक और फ़र्ज़ी मतदाताओं को हटाने के बाद तृणमूल कांग्रेस के सत्ता में वापसी का कोई मौका नहीं है। उन्होंने कहा "वे हारेंगे। इस बार हम सरकार बनाएंगे।"बंगाल चुनावों के पहले चरण में श्री अधिकारी सहित कई जाने-माने उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा माथाभांगा से भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक और दिनहाटा में टीएमसी के राज्य मंत्री उदयन गुहा चुनाव लड़ रहे हैं। त़णमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौतम देव सिलीगुड़ी से चुनावी मैदान में उतरे हैं, जबकि कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी बहरामपुर से चुनाव लड़ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित