कोलकाता , अक्टूबर 09 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता एवं अधिवक्ता विकास रंजन भट्टाचार्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए वामपंथी समूहों और 'दिमागी नक्सलियों' पर जमकर निशाना साधा।
गौरतलब है कि श्री अधिकारी का यह बयान राज्यसभा के पूर्व सांसद एवं कोलकाता के पूर्व महापौर श्री भट्टाचार्य के सोशल मीडिया पर लिखे उस पोस्ट के बाद आया है, जिसमें उन्होंने बताया था कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे पूर्वी मेट्रोपॉलिटन बाईपास के पास कलिकापुर के पुरबालोक में उनके घर पर हमला हुआ और उन्होंने इस घटना को 'हिंदुत्ववादी गुंडों' का हमला बताया था।
श्री अधिकारी ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 'मेडीविज़न' सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य और केंद्र सरकार ने मिलकर जादवपुर विश्वविद्यालय को 1300 करोड़ रुपये की लागत से उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने का फैसला किया है।
श्री अधिकारी ने इसके साथ ही परिसर में कम्युनिस्ट और 'दिमागी नक्सली' प्रभाव को चुनौती दी। उन्होंने अगले साल छात्रसंघ चुनाव के लिए सरकारी समर्थन का वादा भी किया और पिछली सरकार पर चुनावों को रोके रखने का आरोप लगाया।
उनके ये बयान अगस्त में जादवपुर विश्वविद्यालय में एबीवीपी और वामपंथी छात्र समूहों के बीच हुई झड़पों के बाद बढ़े तनाव के बीच आए हैं। इन झड़पों में कई छात्र घायल हो गए थे और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बाहरी लोगों को परिसर में लाने और हिंसा करने का आरोप लगाया था।
श्री अधिकारी ने शुक्रवार को कहा, "वे रैलियां निकालते हैं। वे कश्मीर के लिए 'आज़ादी' की मांग करते हैं। यह सब नहीं चल सकता। मैं इसे चलने नहीं दूंगा।"श्री अधिकारी ने छात्र राजनीति में अपनी भागीदारी को याद करते हुए कहा कि छात्रसंघ राजनीतिक नेतृत्व विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच होते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने में समर्थन का वादा किया और आरजी कर दुष्कर्म और हत्या मामले की पीड़िता (जिसे 'अभया' केनाम से जाना जाता है) के परिवार को न्याय दिलाने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। श्री अधिकारी ने श्री भट्टाचार्य का नाम लिए बिना उन्हें चेतावनी दी। श्री भट्टाचार्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके बताया था कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे पूर्वी मेट्रोपॉलिटन बाईपास के पास कलिकापुर के पुरबालोक में उनके घर पर हमला हुआ और उन्होंने इस घटना को 'हिंदुत्ववादी गुंडों' का हमला बताया था।
श्री भट्टाचार्य ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि हमले के पीछे हिंदू राष्ट्रवादी तत्व थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। श्री भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि वह आत्मरक्षा के लिए लाइसेंसी हथियार लेंगे।
श्री अधिकारी ने श्री भट्टाचार्य के आरोपों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए हमले के लिए देशभर के हिंदुओं को जिम्मेदार ठहराना हिंदू समुदाय का अपमान है। उन्होंने कहा कि भड़काऊ या मानहानि करने वाले बयान देने वालों के खिलाफ कानूनी तरीके से कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित