कोलकाता , अगस्त 11 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस के बलिदान दिवस पर पश्चिम मेदिनीपुर के महाबनी स्थित उनके पैतृक आवास जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और इस स्थल के विकास और संरक्षण के लिए शुरुआती तौर पर पांच करोड़ रुपये की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पैतृक संपत्ति के विकास के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। इसके तहत घर का पूरा जीर्णोद्धार किया जायेगा और वहां एक संग्रहालय, गैलरी, लेजर शो तथा शोधकर्ताओं एवं पर्यटकों के ठहरने के लिए आवास की सुविधा बनायी जायेगी।

श्री अधिकारी ने यह भी कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में उनसे खुदीराम बोस के पैतृक घर की खराब हालत पर चर्चा की थी और इसके जीर्णोद्धार तथा संरक्षण के लिए एक विशेष योजना बनाने का आग्रह किया था। उन्होंने बताया कि पांच करोड़ रुपये की राशि सबसे पहले महाबनी विकास बोर्ड के खाते में जमा की जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, "चालू मानसून सीजन के दौरान ही संविदा की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी और अक्टूबर तक बड़े पैमाने पर काम शुरू होने की उम्मीद है।" उन्होंने स्कूली पाठ्यक्रम में बदलाव करने की भी मांग की, ताकि खुदीराम बोस के जीवन और उनके क्रांतिकारी संघर्षों को विस्तार से पढ़ाया जा सके।

पाठ्यपुस्तकों में खुदीराम बोस के बारे में कम जानकारी होने पर सवाल उठाते हुए श्री अधिकारी ने कहा कि इस युवा क्रांतिकारी का जीवन, विचार और संघर्ष प्राथमिक कक्षाओं से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक पढ़ाया जाना चाहिए।

श्री अधिकारी ने कहा, "केशपुर की छवि बदलनी चाहिए। यह जगह राजनीतिक हिंसा, बमबाजी, झूठे मुकदमों या भ्रष्टाचार के बजाय खुदीराम बोस की विरासत के लिए जानी जानी चाहिए।" उन्होंने घोषणा की कि इस क्षेत्र में आवास, रूफटॉप सोलर, आयुष्मान भारत, पीएम-किसान और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी विकास पहलों को मजबूत किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने जिला पुलिस अधीक्षक को राजनीतिक बदले की भावना से दर्ज किये गये फर्जी मुकदमों को वापस लेने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों को यह आदेश भी दिया कि वे 2024 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान केशपुर में हुए हमलों और बाधाओं से जुड़े पुराने रिकॉर्ड की जांच करें और दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित