वाराणसी , मई 19 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को यहां एक आरोपी गाजीपुर निवासी विनय राय उर्फ पमपम को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई की टीम ने उसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट में पेश किया। दो दिनों की रिमांड पर सीबीआई टीम उसे लेकर पश्चिम बंगाल रवाना हो गई। इससे पहले बलिया के रहने वाले मुख्य आरोपी राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया था। बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद छह मई को चंद्रनाथ रथ (42) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी।
गाजीपुर के रहने वाले विनय राय का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट के तहत पहले से ही मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि विनय राय वर्ष 2012 में दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के पास अवैध हथियारों की तस्करी करते हुए गिरफ्तार हुआ था और वह लंबे समय तक तिहाड़ जेल में भी रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित