महराजगंज , अक्टूबर 13 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से शुभलक्ष्मी सिंह को महिला मोर्चा, जनपद महराजगंज का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा ली गई इस महत्वपूर्ण निर्णय की घोषणा के बाद जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस नई जिम्मेदारी से जनपद में भाजपा महिला मोर्चा को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

नियुक्ति की सूचना मिलते ही पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शुभलक्ष्मी सिंह को बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा जिले में जन-कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाएगा।

अपनी इस नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए शुभलक्ष्मी सिंह ने पार्टी के केंद्रीय एवं प्रांतीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने जिले की महिलाओं को संगठन से जोड़ने और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का संकल्प जताया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष (मूल संगठन), विधायकगण और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित