रांची , अगस्त 01 -- झारखंड के लोहरदगा में युवा शुभम साहू की हत्या के विरोध में शनिवार को चैंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर जिले में पूर्ण बंद का व्यापक असर देखने को मिला।
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अधिकांश दुकानें बंद रहीं और व्यावसायिक गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित हुईं। बस, ट्रक तथा अन्य व्यावसायिक वाहनों का परिचालन भी लगभग ठप रहा। हालांकि रांची-लोहरदगा पैसेंजर सहित सभी ट्रेनें सामान्य रूप से चलती रहीं।
बंद के दौरान लोहरदगा शहर के अपर बाजार, मेन रोड, पतराटोली, मिशन चौक, महावीर चौक, बरवाटोली और कचहरी रोड समेत सभी प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीण बाजारों में भी बंद का व्यापक असर दिखाई दिया।
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने स्पष्ट किया कि यह बंद किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर बुलाया गया था। चैंबर अध्यक्ष रितेश साहू ने कहा कि शुभम साहू की हत्या से पूरे व्यापारिक समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती तो ऐसी घटना टाली जा सकती थी।
इस बंद को भाजपा, बस-ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन, सेवा भारती, सामाजिक विचार मंच और सर्राफा व्यवसायी संघ सहित कई सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों का समर्थन मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की मांग करते हुए कहा कि व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सर्राफा व्यवसायियों ने बाजारों में स्थायी पुलिस पिकेट की स्थापना, नियमित पुलिस गश्त, संदिग्ध वाहनों की सघन जांच तथा नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि इन मांगों को लेकर जल्द ही पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बंद के दौरान कुछ समय के लिए पावरगंज चौक पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम भी किया, जिसे प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद हटा लिया गया। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और प्रशासन पूरे दिन हालात पर नजर बनाए रहा।
वहीं, शुभम साहू हत्याकांड और लूट के प्रयास की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए झारखंड के अलावा अन्य राज्यों में यू भी पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित