ग्रेटर नोएडा , अक्टूबर 09 -- शुभंकर शर्मा ने ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रीन्स गोल्फ एंड स्पा रिजॉर्ट में खेले जा रहे दो करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले विश्व समुद्र प्रेजेंट्स कपिल देव इनविटेशनल टूर चैंपियनशिप पावर्ड बाय नालको के तीसरे राउंड में इवन-पार 72 का स्कोर बनाकर दो शॉट की बढ़त बरकरार रखी।
चंडीगढ़ के 30 वर्षीय शुभंकर (68-65-72) ने दिन की शुरुआत चार शॉट की बढ़त के साथ की थी। उन्होंने पांच बर्डी, तीन बोगी और एक डबल बोगी बनाकर अंतिम राउंड से पहले अपना कुल स्कोर 11-अंडर 205 बनाए रखा।
बेंगलुरु के मनोज एस (70-71-66) और इटली के मिशेल ऑर्टोलानी (72-70-65) नौ-अंडर 207 के साथ शुभंकर के निकटतम प्रतिद्वंद्वी बनकर उभरे।
मनोज ने छह बर्डी की मदद से बोगी-मुक्त 66 का स्कोर बनाया और छठे से संयुक्त दूसरे स्थान पर पहुंच गए। ऑर्टोलानी ने भी बोगी-मुक्त सात-अंडर 65 का स्कोर बनाया, जो संयुक्त रूप से दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। वह सातवें से संयुक्त दूसरे स्थान पर पहुंच गए।
चंडीगढ़ के युवराज संधू (71-69-69) ने तीन-अंडर 69 का स्कोर बनाया और सात-अंडर 209 के साथ चौथे स्थान पर रहे।
शुभंकर ने फ्रंट नाइन पर चार बर्डी बनाकर मजबूत शुरुआत की और 10वें होल पर एक और बर्डी जोड़ी। हालांकि, अंतिम चरण में तीन बोगी और एक डबल बोगी के कारण उनकी चार शॉट की बढ़त घटकर दो रह गई।
चंडीगढ़ के ब्रशवरपाल सिंह (72-65-73) और बेंगलुरु के खलिन जोशी (72-67-71) छह-अंडर 210 के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर रहे। रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार (75-72-72) तीन-ओवर 219 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 31वें से संयुक्त 25वें स्थान पर पहुंच गए।
शुक्रवार को आयोजित प्रो-एम में पेशेवर तपेंद्र घई और एमेच्योर प्रेम दुग्गल की टीम ने जीत दर्ज की। विजेता टीम ने कुल 48 स्टेबलफोर्ड अंक बनाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित