पटना , अक्टूबर 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लोकतंत्र को सशक्त बनाने और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची निष्पक्ष निर्वाचन की आधारशिला है।

श्री सरावगी ने कहा कि मतदाता सूची का समय-समय पर पुनरीक्षण आवश्यक है, ताकि सभी पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल हों तथा मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दोहरे पंजीकरण से संबंधित प्रविष्टियों की नियमानुसार जांच कर त्रुटियों को दूर किया जा सके। एसआईआर से मतदाता सूची को अद्यतन और अधिक विश्वसनीय बनाने में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण जैसे संवेदनशील विषय पर विपक्ष को भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के आधार पर चर्चा करनी चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास बनाए रखने के साथ उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करना भी जरूरी है। किसी भी प्रकार की शिकायत या आपत्ति का समाधान प्रमाणों और वैधानिक माध्यमों से किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित