हल्द्वानी , सितंबर 09 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने हल्द्वानी पहुंचे पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने दलितों, शुद्धिकरण और वंदे मातरम् के मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि कांग्रेस शुद्धिकरण के नाम पर षड्यंत्र कर रही है। उन्होंने कहा कि दलितों का अपमान करने वाली कांग्रेस अपने मंसूबों में सफल नहीं होगी।

श्री नवीन ने कहा कि इस देश में ऐसे भी लोग हैं जिन्हें वंदेमातरम से शर्मिंदगी होती हैं। उन्होंने कहा, "मैं राहुल मियां से कहना चाहता हूं कि राहुल जी आप वंदेमातरम के महत्व को नहीं समझ सकते हैं क्योंकि आप विदेशी संस्कृति में पले-बढ़े हैं। जिस वंदे मातरम_ की गूंज से हजारों लाखों बलिदानियों ने देश की आजादी के लिये अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया उस वंदेमातरम् को पूरे गान से आपकी माताश्री (सोनिया गांधी) और पार्टी अपने आपको अपमानित महसूस करती है।"भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वंदेमातरम् की गूंज हमारी आजादी की ही गूंज नहीं है, यह 2047 के विकसित भारत की गूंज है। यह भारत की एकता और समानता के साथ ही देश की एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश विकसित भारत के सपने को वंदेमातरम् की गूंज से पूरा करेगा।

उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण का भी आरोप लगाया और कहा कि यह वही कांग्रेस है जिसके एक नेता ने प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है जबकि मौजूदा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि पहला हक देश की गरीबों का है। उनकी और हमारी सरकार की सोच में यही अंतर है।

उन्होंने कांग्रेस पर देश और उत्तराखंड की डेमाग्राफी को बिगाड़ने का भी आरोप लगाया और कहा कि ऐसे लोग देश की मिट्टी से प्यार कर ही नहीं सकते हैं। जब इनके शार्गिद सनातन को गाली देते हैं तब तो इनको दर्द नहीं होता और वंदेमातरम् पूरा गाने से इनकों दर्द क्यों होता है।

श्री नवीन ने कहा कि भाजपा ने गत 22 अगस्त को प्रस्ताव पारित कर आजादी के वंदेमातरम् वाले जयघोष को वर्ष 2047 के विकसित भारत के महाघोष के रूप में घोषित किया है। उन्होंने हल्द्वानी के शुद्धिकरण प्रकरण पर भी कांग्रेस और उसके अध्यक्ष मल्ल्किार्जुन खरगे को घेरा और इसे कांग्रेस का षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हल्द्वानी की धरती पर राजनीतिक षड्यंत्र रचने का काम किया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "खरगे साहब आपकी जो विभाजनकारी सोच है वह उत्तराखंड की पावन भूमि को अपवित्र नहीं कर सकती है। हमारे लिये उत्तराखंड के हर पत्थर और कंकड़ में शंकर है।जिस पवित्र भूमि से आपने धर्म विशेष के नारे लगाये तो उस पवित्र भूमि को आपने अपवित्र करने का काम किया है।" उन्होंने कहा कि भाजजपा इसे एक षड्यंत्र मानती है।

श्री नवीन कहा कि कांग्रेस पार्टी का दलितों का अपमान करने का इतिहास रहा है। उन्होंने इसके लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी, बाबा भीमराव अंबेडकर और बाबू जगजीवन राम जैसे कद्दावर नेताओं के साथ हुई घटनाओं का उदाहरण दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अभी हाल ही में कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान के अपने दलित अध्यक्ष को सरेआम पीटने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि खुद कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के कर्नाटक राज्य में भी दलित समुदाय के पूर्व विधायक के घर को पूरी तरह से जला दिया लेकिन कांग्रेस ने आवाज तक नहीं निकाली। इसी प्रकार केरल में भी एक दलित महिला जनप्रतिनिधि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हमला किया और संविधान की दुहाई देने वाले श्री राहुल ने इस पर अपना मुंह तक नहीं खोला।

उन्होंने कहा कि इसलिए जिनका इतिहास दलितों का अपमान का रहा है वह कभी भी दलितों का सम्मान नहीं कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दलितों का सम्मान हो सकता है।

भाजपा अध्यक्ष ने उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के लिए कार्यकर्ताओं को गुरुमंत्र दिया और कहा कि 'बूथ जीतो चुनाव जीतो'। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर छोटी छोटी बैठक करने और जनता की बात सुनने और सरकार की योजनाओं को पहुंचाने की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित