ग्वालियर , अक्टूबर 18 -- ग्वालियर के शीतला माता मंदिर में दुर्गा सप्तमी की रात हुई सड़क दुर्घटना में दिवंगत श्रद्धालुओं की आत्मशांति के लिए शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने कटोरा ताल स्थित तिरंगे के नीचे श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। कांग्रेसजनों ने दिवंगत श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
घटना की जानकारी मिलने पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, विधायक डॉ. सतीश सिकरवार, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा और प्रवीण पाठक सहित कांग्रेसजन घायलों के उपचार की व्यवस्था तथा दिवंगत श्रद्धालुओं के परिजनों की सहायता के लिए ट्रॉमा सेंटर और पोस्टमार्टम स्थल पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की मांग की।
कांग्रेस ने प्रदेश सरकार से दुर्घटना में दिवंगत प्रत्येक श्रद्धालु के परिवार को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। पार्टी ने घायलों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता देने तथा दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कराकर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और अन्य दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की भी मांग की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक मदन कुशवाह, प्रदेश सचिव राहुल शर्मा, रश्मि पवार शर्मा, हरिओम शर्मा, सीमा समाधिया, अशोक प्रेमी, इंद्रजीत चौहान, हरेन्द्र सिंह गुर्जर, मंगल यादव, अवधेश कौरव, देवेन्द्र चौहान, राजीव शर्मा, पिंकी पंडित, ओमप्रकाश राजपूत, तरुण यादव, भूपेन्द्र तोमर मिक्की, अरविंद चौहान, महेन्द्र शर्मा और शंकर गाबरा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित