ग्वालियर , अक्टूबर 18 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में सातउं गांव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 14 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी हैं। सात घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान धान से भरा ट्रक चीनौर रोड की ढलान पर अचानक नीचे की ओर तेजी से बढ़ा और श्रद्धालुओं तथा सड़क किनारे लगी दुकानों को रौंदते हुए मंदिर के प्रवेश द्वार से टकरा गया। टक्कर से मंदिर की दीवार ढह गई और कई लोग मलबे में दब गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू किया तथा हाइड्रा की मदद से ट्रक हटाकर दबे लोगों को निकाला। घटनास्थल पर मौजूद कुछ मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी घायलों की मदद की। घायलों को जयारोग्य अस्पताल के शासकीय ट्रॉमा सेंटर सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
कलेक्टर रुचिका चौहान और पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। कलेक्टर के निर्देश पर हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक के अचानक ढलान पर आगे बढ़ने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित