ग्वालियर , अक्टूबर 18 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात धान से लदा एक अनियंत्रित ट्रक बैरिकेडिंग तोड़कर श्रद्धालुओं के बीच जा घुसा। इस दुर्घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के अनुसार, नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। चीनौर की ओर से आ रहा ट्रक ढलान पर अनियंत्रित होकर मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकरा गया। दुर्घटना में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहन के पहुंचने और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की टीम को ट्रक की तकनीकी स्थिति की जांच के लिए भेजा गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी घायलों का निशुल्क उपचार सुनिश्चित करने को कहा है। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए मंत्री ऐदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में लापरवाही के मामले में झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को तत्काल हटाने तथा आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। निलंबन के निर्देश झांसी रोड और आंतरी थानों के प्रभारियों, यातायात पुलिस के अधिकारियों तथा अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध दिए गए हैं। पुलिस ने ट्रक चालक दिलबाग सिंह और ट्रक मालिक मोहित सिंह को पकड़ लिया है।

दुर्घटना में जान गंवाने वालों में सत्येंद्र सिंह गुर्जर, सरला तोमर, गौरव परिहार, महेश शर्मा, विमलेश, देवेश बघेल, प्रिंस उर्फ छोटू जाटव, शौर्य शर्मा, हेमंत राठौर, दिव्यांश कुशवाह, पवन राठौर, लव त्यागी, अमन, अशोक त्यागी और नीतेश उर्फ रितेश शामिल हैं। मृतकों में कई किशोर भी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित