मोहाली , फरवरी 16 -- पंजाब में मोहाली के जगतपुरा इलाके में शिव मंदिर के बाहर रविवार को अज्ञात हमलावरों के प्रहार से घायल युवक कीसोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी।

मृतक की पहचान गुरसेवक सिंह के रूप में हुई है। हमले के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे उपचार के लिए फोर्टिस हॉस्पिटल, मोहाली लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया। सोमवार सुबह इलाज के दौरान गुरसेवक सिंह ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद मृतक के परिवार में भारी रोष है। परिजनों ने अस्पताल के बाहर धरना देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की। उनका कहना है कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता उनका विरोध जारी रहेगा।

परिजनों ने मांग की है कि उनकी मुलाकात पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से करवाई जाये, ताकि वे अपनी बात सीधे उनके सामने रख सकें और न्याय की गुहार लगा सकें।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालीजा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित