बारां , मई 11 -- राजस्थान में अन्नपूर्णा नगरी बारां के नयापुरा क्षेत्र स्थित पुनर्निर्मित महादेव मंदिर परिसर में आयोजित पांच दिवसीय शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव सोमवार को विधिवत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हो गया।

कार्यक्रम के अंतिम दिन शिव परिवार प्रतिमाओं की वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ प्राण प्रतिष्ठा करके मंदिर में स्थापित किया गया।

मंदिर श्री फूल मालियान पंचायत बड़ा तखत बारां के महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सुरेश कुमार सुमन ने बताया कि सात मई से प्रारंभ हुए पांच दिवसीय पंचकुंडीय यज्ञ महोत्सव का समापन सोमवार को पूर्णाहुति, शिव विवाह एवं प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के साथ हुआ। मुख्य आचार्य पंडित सत्यनारायण शर्मा (गांवगुरू) के सान्निध्य में मुख्य जजमान ओम सुमन प्रॉपर्टी डीलर और सहयोगी जजमान महेंद्र सुमन मिस्त्री, राकेश बीरपुरा, रविंद्र सुमन एवं जयप्रकाश सुमन दंपत्तियों ने पूजा-अर्चना एवं वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए।

इस दौरान शिव परिवार प्रतिमाओं पर पुष्प वर्षा एवं आतिशबाजी की गई। दोपहर करीब दो बजे प्रतिमाओं को विधिवत रूप से नवनिर्मित महादेव मंदिर परिसर में स्थापित किया गया। इसके पश्चात भगवान श्रीरामचंद्र महाराज के देव विमान को गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा के रूप में महाप्रसादी एवं प्रतिभोज स्थल तक लाया गया। शोभायात्रा में पुरुष, महिलाएं, युवा शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित