महराजगंज , अक्टूबर 17 -- चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को क्राइम ब्रांच और एसओजी की संयुक्त टीम ने सोनौली स्थित भारत-नेपाल सीमा पर सघन तलाशी अभियान चलाया। सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है।
नेपाल से सटी जिले की सीमा को देखते हुए पुलिस आरोपी के देश छोड़कर भागने की आशंका के मद्देनजर सतर्कता बरत रही है। जांच टीमें मुख्य मार्गों के अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों के कच्चे रास्तों पर भी गश्त कर रही हैं। इस दौरान सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों के साथ समन्वय बनाकर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
पुलिस टीमों ने सीमा के आसपास स्थित होटलों, ढाबों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पिछले कुछ दिनों के फुटेज की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि श्रद्धा दुबे इस क्षेत्र में पहुंची थी या नहीं और वह किस दिशा में गई। स्थानीय दुकानदारों और लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस तकनीकी सर्विलांस के साथ आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों और दुकानदारों से अपील की है कि आरोपी से संबंधित कोई भी संदिग्ध जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित