शिवहर , अक्टूबर 02 -- बिहार के शिवहर जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 11 आपराधिक कांडों में आरोपी ताराचंद साह को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह और एसडीपीओ अनुशील कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान शिवहर पुलिस को यह सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार, पिपराही थाना कांड संख्या 343/26 में आरोपित के विरुद्ध एक महिला को मुकदमे में समझौता करने के लिए दबाव बनाने, धमकी देने, मारपीट एवं जबरदस्ती करने तथा रुपये ऐंठने से संबंधित आरोप दर्ज हैं।

गिरफ्तार ताराचंद साह का आपराधिक इतिहास रहा है। उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार, उसके विरुद्ध कुल 11 आपराधिक कांड दर्ज हैं। इनमें बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित