शिवहर , मई 15 -- बिहार में शिवहर जिले की पुलिस ने पशु तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से छह मवेशी बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देश पर नगर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। नगर थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर रणधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहले सुबह सूचना के आधार पर बालू मंडी के पास घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन को पकड़ा।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन पर अवैध रूप से पशुओं को लादकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान पिकअप से छह मवेशी बरामद किए गए।पुलिस ने मौके से पशु तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है।उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है, जिससे इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित