शिवहर , अक्टूबर 19 -- बिहार के शिवहर जिले के पुरनहिया थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के अपहरण के बाद पुलिस ने उसके शव को पोखर से बरामद किया है।

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृत बच्ची के चाचा मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से आज जारी सूचना के अनुसार, 18 अक्टूबर को हथिसार गांव निवासी झमन साह की पत्नी फेकनी देवी ने पुरनहिया थानाध्यक्ष को आवेदन देकर अपनी नाबालिग बच्ची के अपहरण की शिकायत की थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपितों रंजन कुमार, गोविंद कुमार महतो, गोविंद कुमार महतो, सिकंदर महतो, मीना देवी और चंद्रेश्वर महतो के खिलाफ पुरनहिया थाना कांड संख्या 211/26 दर्ज कर जांच शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को हथिसार गांव स्थित पोखर में एक शव मिलने की सूचना मिली।

इसके बाद थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया। शव की पहचान अपहरण की गई बच्ची के रूप में की गयी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। इसके साथ ही एफएसएल और डीआईयू की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस जांच के दौरान मृत बच्ची के भाई मनोज कुमार, पिता झमन साह, निवासी हथिसार, थाना पुरनहिया, जिला शिवहर की संलिप्तता सामने आने पर गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित