शिवहर , सितंबर 01 -- बिहार के शिवहर जिले में जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और नए भवनों के निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने जिले में संचालित सभी 713 आंगनवाड़ी केंद्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश जारी किए।
जिला पदाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट किया कि जिले के सभी 713 आंगनवाड़ी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत और इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। अपने भवन एवं अन्य सरकारी भवनों में संचालित हो रहे लगभग 210 आंगनवाड़ी केंद्रों को आकर्षक और बच्चों के अनुकूल बनाने के लिए जिला पदाधिकारी ने दीपावली पर्व से पूर्व इनका रंग-रोगन कराने का विशेष निर्देश दिया है। नए आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण हेतु भूमि की उपलब्धता की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
केंद्रों पर विद्युतीकरण और स्वच्छता के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि विद्युतहीन आंगनवाड़ी केंद्रों में जल्द से जल्द बिजली पहुंचाई जाए। वहीं, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे शौचालय विहीन भवनों की सूची अविलंब मनरेगा को उपलब्ध कराएं, ताकि वहां तेजी से शौचालय निर्माण का कार्य शुरू किया जा सके।
समीक्षा बैठक में निदेशक नई शिक्षा नीति, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी , जिला समन्वयक सहित जिले की सभी महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित