शिवहर , मई 24 -- बिहार में शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को न्यायालय के आदेश पर दो फरार आरोपियों के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। पुलिस सूत्रों ने बताया कि थानाध्यक्ष विनय प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के घरों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई बंशी पचरा गांव में कांड संख्या-263/20 के आरोपी लखींद्र राम के घर पर की गई। वहीं दूसरी कार्रवाई बैजनाथपुर गांव में कांड संख्या-47/2012 के आरोपी नजरे आलम के घर पर की गई।पुलिस दोनों घरों से घरेलू सामान जब्त कर थाने ले आई।

तरियानी थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध पहले इश्तेहार जारी किया गया था। इसके बावजूद न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया गया।उन्होंने कहा कि कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य फरार अभियुक्तों पर दबाव बनाना है, जिससे वे जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करें। पुलिस ने जब्त सामानों की सूची तैयार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष ने कहा कि यदि इसके बाद भी अभियुक्त न्यायालय में समर्पण नहीं करते हैं, तो न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित