पटना , मई 13 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बुधवार को शिवहर जिले में जिला कृषि कार्यालय के बड़ा बाबू बिजेन्द्र कुमार को आठ हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी श्रीमती मनिषा देवी ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि बड़ा बाबू बिजेन्द्र कुमार के द्वारा खाद्य एव बीज के दुकान का लाईसेंस बनवाने के एवज में रिश्वत की माँग की जा रही है।ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम द्रष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता शिव कुमार साह के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि धावादल ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त बिजेन्द्र कुमार को आठ हजार रूपये रिश्वत लेते हुए उसके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त से बाद उसे मुजफ्फरपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा। अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित