शिवहर , अप्रैल 25 -- बिहार में शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र से पुलिस ने शनिवार को एक युवक का शव बरामद किया है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार परऔरा मलीकाना गांव से एक युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचानरामबाबू सहनी के पुत्र राहुल कुमार (23) के रूप में की गयी है।

सूत्रों ने बताया कि राहुल शुक्रवार की रात घर पर खाना खाकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे , लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह उसका शव बरामद किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तरियानी थाना अध्यक्ष विनय प्रसाद और तरियानी छपरा थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

तरियानी थाना अध्यक्ष विनय प्रसाद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित