पुणे , अगस्त 10 -- महाराष्ट्र प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत पर तंज कसते हुए कहा कि श्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी अंत में "टमटम में बैठे चार यात्रियों" की जैसी होकर रह जायेगी।
प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बान ने यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि श्री राउत "मुंगेरी लाल के हसीन सपने" श्रृंखला का एक और एपिसोड पेश करके एक बार फिर सत्ता में वापसी के सपने देख रहे थे। जब श्री ठाकरे मुख्यमंत्री थे, तब भाजपा विधायकों को तोड़ने और उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज करने के प्रयास किये गये थे लेकिन भाजपा के एक भी पार्षद या कार्यकर्ता को प्रलोभन देकर तोड़ा नहीं जा सका।
श्री बाप ने कहा " शिवसेना (यूबीटी) अब एक स्वयं सहायता समूह बन गया है। इस पर ध्यान दीजिए, अन्यथा आने वाले दिनों में यह समूह भी नहीं बचेगा।"पार्टी में विभाजन के बाद पार्टी के "स्वाभिमानी" होने के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से न मिलने के श्री राउत के बयान पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा "क्या राकांपा नेता शरद पवार और सुप्रिया सुले इसलिए स्वाभिमानी नहीं थे, क्योंकि उन्होंने श्री मोदी से मुलाकात की थी। क्या इसका मतलब यह है कि श्री शरद पवार और सुश्री सुप्रिया सुले स्वाभिमानी नहीं हैं?क्या आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने वाले राकांपा के आठ सांसदों पर सवाल उठा रहे हैं।"उन्होंने आरोप लगाया कि श्री राउत ने कांग्रेस के चरणों में अपना स्वाभिमान समर्पित कर दिया है और वह श्री राहुल गांधी के अधीनस्थ के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि श्री राउत और श्री ठाकरे के हाथों में मौजूद "कटार" विश्वासघात के खून से सनी हुई थी, इसलिए वे पार्टी के तीर-कमान के प्रतीक को ले जाने में असमर्थ थे और जनता ने अपना फैसला दे दिया है कि "असली शिवसेना" एकनाथ शिंदे की है।
श्री बान ने श्री राउत को अलीबाग के किसी भी गांव से आगामी स्थानीय चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का एक साधारण कार्यकर्ता भी उन्हें हरा देगा। उन्होंने कहा कि यदि श्री राउत अपनी राजनीतिक ताकत साबित करना चाहते हैं, तो उन्हें ग्राम पंचायत चुनाव, नगर निगम चुनाव या कम से कम विधानसभा चुनाव लड़ना चाहिए।
श्री बान ने श्री राउत की पुरानी राजनीतिक भविष्यवाणियों को भी याद किया और कहा कि शिवसेना (यूबीटी) नेता ने दावा किया था कि महा विकास अघाड़ी सरकार 25 वर्षों तक सत्ता में रहेगी। उन्होंने कहा " श्री राउत ने यह भी दावा किया था कि उनकी पार्टी का एक भी सांसद श्री शिंदे के साथ नहीं जायेगा, लेकिन आपकी नाक के नीचे से छह सांसद आपका साथ छोड़कर चले गये और आपको भनक तक नहीं लगी। अब श्री राउत पवार साहब के बारे में भविष्यवाणियां कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि बस इंतजार कीजिए और देखिए आगे क्या होता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित