धाराशिव , नवंबर 08 -- महाराष्ट्र में शिवसेना सांसद ओमराज निंबालकर ने उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना छोड़कर एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होने के पीछे की परिस्थितियों पर अफसोस जताते हुए संकेत दिया हैकि उनका यह फैसला पूरी तरह से स्वेच्छा से नहीं लिया गया था। इसके साथ ही उन्होंने दोनों शिवसेना गुटोंके बीच एकता की वकालत करते हुए कहा कि इससे आम लोगों को फायदा पहुंचेगा।

श्री ठाकरे के वफादार समर्थकों में गिने जाने वाले श्री निंबालकर ने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए कहा, "जब कोई व्यक्ति कोई फैसला लेता है, तो उसके पीछे कुछ न कुछ परिस्थितियां जरूर रही होती हैं। कोई भी व्यक्ति पूरी तरह से अपनी व्यक्तिगत पसंद से ऐसा अलग निर्णय नहीं लेता। चाहे नगर पंचायत हो, जिला परिषद हो या पंचायत समिति, क्या हमारा काम इतना खराब था कि हम एक भी नगर परिषद या पंचायत समिति नहीं जीत सके? हम हर दिन जनता के बीच रहते हैं। संगठन के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को इस स्थिति से क्या संदेश लेना चाहिए?"पार्टी बदलने के समय उन्होंने विपक्ष में रहते हुए विकास कार्य कराने में आ रही कठिनाइयों का हवाला दिया था। उनके ये ताज़ा बयान उनकी पार्टी बदलने की परिस्थितियों पर आए पहले ऐसे महत्वपूर्ण विचार हैं, जो राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गए हैं। श्री निंबालकर ने दोनों शिवसेना गुटों के एक होने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, "दोनों शिवसेना गुटों के नेता अलग हैं, लेकिन यदि शिवसेना एक हो जाती है, तो इससे आम जनता को लाभ होगा। यही पार्टी कार्यकर्ताओं की भी भावना है।"इस बीच, राज्य में गंभीर सूखे की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद ने कहा कि ग्रामीण इलाकों के लोगों को बेहद कठिन दौर का सामना करना पड़ रहा है और यह संकट लगभग एक साल तक जारी रह सकता है। उन्होंने विशेष रूप से माइक्रोफाइनेंस कंपनियों को चेतावनी दी कि वे ऋण वसूली के लिए किसानों और ग्रामीण कर्जदारों को परेशान न करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित