मुंबई , जुलाई 10 -- महाराष्ट्र के ठाणे में कुछ दिनों पहले एक अस्पताल में डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के आरोपी शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के पार्षद रमेश म्हात्रे को अदालत ने शुक्रवार को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
इस बीच, पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस थमाया है। श्री म्हात्रे को दोपहर में भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया। इससे एक दिन पहले अदालत ने स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उनकी पेशी के पुलिस के अनुरोध को खारिज कर दिया था।
श्री म्हात्रे को विष्णुनगर थाने में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में 8 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। उनके 3 सहयोगियों को एक दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। म्हात्रे ने एक महिला डॉक्टर के साथ मारपीट करने से इनकार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें ठाणे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था और एक स्थानीय अदालत ने डिजिटल सुनवाई की उनकी याचिका को खारिज कर दिया था।
इस बीच ठाणे के सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि पार्टी इस मारपीट का समर्थन नहीं करती है और कॉर्पोरेटर के 5 से 6 बार चुने गए एक वरिष्ठ नेता होने के बावजूद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी म्हात्रे को फटकार लगाई है। महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने भी जांच का आश्वासन दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित