भीलवाड़ा , फरवरी 14 -- राजस्थान में श्रद्धा के महापर्व महाशिवरात्रि को लेकर भीलवाड़ा जिला पूरी तरह शिवमय हो गया।

शनिवार को जिले के प्रसिद्ध शिवालयों, विशेषकर हरनी महादेव और तिलस्वां महादेव में तैयारियां परवान पर हैं। मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है, जिसकी भव्यता देखते ही बन रही है। शहर के आराध्य हरनी महादेव मंदिर में इस बार विशेष सजावट की जा रही है। ट्रस्ट के महादेव जाट ने बताया कि बाबा के दरबार को सजाने के लिए बेंगलुरु से विशेष फूल मंगवाये गये हैं।

महाशिवरात्रि के मुख्य पर्व पर भगवान शिव की विशेष चार पहर की पूजा-अर्चना होगी। तीन दिवसीय मेले के दौरान भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर के पट 24 घंटे खुले रहेंगे। श्रद्धालुओं को धूप से बचाने के लिए टेंट स्टैंड लगाये गये हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। नगर परिषद द्वारा यहां विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जायेगा। ऊपरमाल क्षेत्र के प्रसिद्ध तिलस्वां महादेव मंदिर में सात दिवसीय विशाल मेले की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। ट्रस्ट के सचिव मांगीलाल धाकड़ ने बताया कि मंदिर परिसर में रंग-रोगन और साफ-सफाई का कार्य अंतिम चरण में है। समूचे मंदिर को विद्युत लड़ियों से जगमगा दिया गया है। दूर-दराज से आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किये गये हैं।

हरनी और तिलस्वां के अलावा जिले के अन्य शिवालयों चावंडिया महादेव, मेनाल, और शहर के भीतर स्थित नीलकंठ महादेव, मांडलगढ़ के प्राचीन शिव मंदिरों में भी महाशिवरात्रि को लेकर विशेष उत्साह है। सभी जगह साफ-सफाई के बाद श्रृंगार और भजन कीर्तनों की रूपरेखा तैयार कर ली गयी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित