नयी दिल्ली , अगस्त 25 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को यहां 'मिशन समृद्ध गाँव' योजना का शुभारंभ किया। इस मिशन का मुख्य उद्देश्य गरीबी-मुक्त, रोजगारयुक्त और आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से संपन्न गाँवों का निर्माण करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से होने वाले मजबूरी के पलायन को रोका जा सके।
यह जानकारी यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गयी। इसमें बताया गया है कि योजना की शुरुआत मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुदनी और देवास जिले के खातेगांव ब्लॉक से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की जा रही है। इन ब्लॉकों में परिवार, ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर पर समेकित विकास की रूपरेखा तैयार की जायेगी, जिसमें हर पात्र परिवार को केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जायेगा। पायलट मॉडल की सफलता के बाद इसे देश के अन्य हिस्सों में भी लागू किया जायेगा।
इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि छोटे किसानों की आय बढ़ाने के लिए केवल खाद्यान्न उत्पादन काफी नहीं है, बल्कि उन्हें एकीकृत कृषि प्रणाली के तहत फल-सब्जी उत्पादन, पशुपालन, मत्स्य पालन, बकरी पालन, मुर्गी पालन और मधुमक्खी पालन जैसी गतिविधियों से जोड़ना होगा। इसके अलावा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए वेयरहाउसिंग, खाद्य प्रसंस्करण और वैल्यू एडिशन (मूल्य संवर्धन) पर भी विशेष ध्यान दिया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित