भोपाल/बुधनी , अक्टूबर 11 -- मध्यप्रदेश में सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोसमी गांव में आदिवासी परिवारों के घर गिराने की कार्रवाई को लेकर मामला सामने आया है। आरोप है कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के हस्तक्षेप और जिला प्रशासन तथा वन विभाग के अधिकारियों को घर नहीं गिराने के निर्देश दिए जाने के बावजूद वन विकास निगम की कार्रवाई जारी है। इससे वर्षों से गांव में रह रहे आदिवासी परिवारों के बेघर होने का खतरा पैदा हो गया है।

श्री चौहान ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी है कि वह अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा और विधानसभा क्षेत्र बुधनी के अंतर्गत आने वाले कोसमी गांव पहुंच रहे हैं। बताया गया है कि आदिवासी परिवारों के घर गिराए जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने आपत्ति जताई और जिला प्रशासन तथा वन विभाग के संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मकान नहीं गिराने के निर्देश दिए थे।

इसके बावजूद वन विकास निगम द्वारा कार्रवाई जारी रखने के आरोप से संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली और निर्देशों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वर्षों से गांव में रह रहे आदिवासी परिवारों के सामने बेघर होने की आशंका बनी हुई है। अब केंद्रीय मंत्री के कोसमी पहुंचने के बाद मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित