भोपाल , अक्टूबर 22 -- सिस्टम परिवर्तन अभियान के अध्यक्ष आजाद सिंह डबास ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ बुधनी विधानसभा क्षेत्र के वन क्षेत्रों में कथित अतिक्रमण को बढ़ावा देने के आरोप में आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की है।

श्री डबास ने आरोप लगाया कि सीहोर वनमंडल के बुधनी, रेहटी, लाड़कुई, वीरपुर और इच्छावर क्षेत्र में वन भूमि पर अतिक्रमण तथा वन अधिकार पत्रों के वितरण में अनियमितताओं को लेकर वर्ष 2019 से लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक प्रभावी जांच नहीं हुई। उन्होंने संबंधित वन अधिकारियों पर भी कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

पत्र में उन्होंने 11 अक्टूबर को बुधनी विधानसभा क्षेत्र के कोसमी गांव के पास वन विकास निगम के वृक्षारोपण क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कथित व्यवधान का उल्लेख किया है। उनके अनुसार, श्री चौहान, विधायक कार्तिकेय सिंह चौहान और रामकांत भार्गव ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई में बाधा डाली तथा अतिक्रमणकारियों को उकसाया। उन्होंने इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

श्री डबास ने पत्र में वन विकास निगम की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि कोसमी क्षेत्र के कक्ष क्रमांक आरएफ-426 में अतिक्रमण के कारण वृक्षारोपण को नुकसान पहुंचा है। पत्र के अनुसार, इस क्षेत्र में 12 लोगों द्वारा 31.48 हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण किया गया तथा लगभग 78,700 पौधे नष्ट हुए। अतिक्रमण के संबंध में वन अपराध प्रकरण दर्ज किए जाने और बेदखली आदेश जारी होने का भी उल्लेख किया गया है।

उन्होंने भारतीय वन अधिनियम, वन संरक्षण अधिनियम तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर वे सक्षम न्यायालय का रुख करेंगे। पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित