सीहोर , अक्टूबर 30 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशीबाई का शुक्रवार शाम उनके पैतृक गांव जैत में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जानकारी के अनुसार काशीबाई पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और भोपाल के साकेत नगर स्थित निवास पर रह रही थीं। सांस लेने में गंभीर परेशानी के चलते उन्हें करीब एक सप्ताह पहले भोपाल स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
माता के निधन की सूचना मिलते ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित सरकारी और राजनीतिक कार्यक्रम निरस्त कर दिए। उन्हें शुक्रवार को रायसेन जिले में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होना था। कार्यक्रम रद्द कर वे सीधे अपने पैतृक गांव जैत पहुंचे।
अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलीकॉप्टर से बुधनी के डोबी हेलीपैड पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से जैत पहुंचे। उन्होंने दिवंगत काशीबाई को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित