शिवमोगा , अगस्त 02 -- कर्नाटक के शिवमोगा जिले में बारिश के कारण हुए भूस्खलन से रविवार तड़के करीब 2:30 बजे एक शेड के मलबे में दबकर एक दंपती और उनके तीन वर्षीय बेटे की मौत हो गयी।

पुलिस ने बताया कि मल्लिकार्जुन (35), उनकी पत्नी नागवेणी (28) और उनके बेटे संतोष की मौत इस हादसे में हो गयी। यह परिवार मूल रूप से कोप्पल जिले के गंगावती तालुक के कोक्करेगारू गांव का रहने वाला था और शिवमोगा के इंदिरा नगर में रह रहा था।

यह हादसा तब हुआ, जब परिवार सो रहा था और तभी पहाड़ी का एक हिस्सा ढहकर उनके शेड पर आ गिरा। अचानक हुए इस भूस्खलन के कारण परिवार के तीनों सदस्य मलबे के नीचे दब गये। भूस्खलन की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने अधिकारियों को सूचना दी। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग की टीमों ने पुलिस कर्मियों और स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया तथा मलबे को हटाया।

घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद इन तीनों के शवों को मलबे से बाहर निकाला गया। इस घटना में पास के एक ओर शेड में रहने वाला एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मलेनाडू क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण यह भूस्खलन हुआ, जहां हाल के दिनों में कई इलाकों में भारी बारिश देखी गयी है। बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी का ढलान कमजोर हो गया था, जिससे वह ढह गया।

इस घटना ने मानसून के मौसम में संवेदनशील स्थानों पर रहने वाले परिवारों के समक्ष उत्पन्न जोखिमों को उजागर किया है। स्थानीय अधिकारियों ने स्थिति का आकलन करना शुरू कर दिया है और आसपास के ढांचागत निर्माणों की सुरक्षा की जांच कर रहे हैं।

पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। बचाव और राजस्व अधिकारी भी भूस्खलन से हुए नुकसान के दायरे का आकलन कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित