शिवपुरी , मार्च 22 -- शिवपुरी के मेडिकल कॉलेज में पहली बार लेजर पद्धति से ऑपरेशन किए गए। मेगा स्वास्थ्य शिविर के दौरान प्रसिद्ध लेजर एवं लेप्रोस्कॉपी सर्जन द्वारा मरीजों का सफल उपचार किया गया।

मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. डी. परमहंस ने बताया कि शिविर में जिन मरीजों का ऑपरेशन आवश्यक था और जिनकी लेजर सर्जरी संभव थी, उनका उपचार इस आधुनिक पद्धति से किया गया। लेजर सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. राम गोयल ने अपनी टीम के साथ यहां पहुंचकर शनिवार शाम मरीजों का ऑपरेशन किया।

उन्होंने बताया कि लेजर पद्धति में घाव कम होता है और खून भी कम निकलता है, जिससे मरीज की रिकवरी तेजी से होती है। इस तकनीक के उपयोग से मरीजों को कम समय में बेहतर उपचार मिल रहा है।

डॉ. परमहंस ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पहली बार एक मरीज की प्लास्टिक सर्जरी भी की गई है। पहले इस तरह के उपचार के लिए मरीजों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि डॉ. गोयल ने जोधपुर से अपनी टीम के साथ आकर अब तक ग्रामीण क्षेत्र के चार मरीजों का इस पद्धति से सफल उपचार किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित