शिवपुरी , अप्रैल 9 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की करेरा पुलिस ने विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी का गिरोह संचालित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेदांत गुप्ता (20) और गौरव मेहता (20) निवासी जिला हजारीबाग, झारखंड के रूप में हुई है।
बताया गया है कि करेरा थाने में फरियादी श्याम कुमार गुप्ता ने ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोपियों द्वारा उनके खाते से 2 लाख 62 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद करेरा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी को अंजाम दिया और ठगी की रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दी। उनके अन्य साथी पश्चिम बंगाल के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित