शिवपुरी , जनवरी 21 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के कोलारस थाना पुलिस ने आज बुधवार को दो चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक करोड़ 53 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपियों में अमन रावत (22), ग्राम खोकर और अभिषेक रावत (19), ग्राम कुलवा निवासी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना गत 21 जुलाई को हुई थी, जब फरियादी गिरीश कुमार जैन ने कोलारस के सदर बाजार में अपनी दुकान के शटर टूटे होने और सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने आसपास के जिलों के कुख्यात अपराधियों से पूछताछ की और साइबर सेल की मदद से जानकारी जुटाई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम खोखर रोड पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को देखा और घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी में उसके पास से चोरी के आभूषण बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि उसने और अभिषेक रावत अपने रिश्तेदार संजय रावत व जानकी रावत के साथ मिलकर चोरी की थी और माल को गांव खोखर में देवस्थान के चबूतरे के पास गढ़ा था।
पुलिस ने आरोपी अभिषेक को भी गिरफ्तार कराई और मौके पर खुदाई की। गढ्ढे से लगभग 46 किलो चांदी के जेवर और अन्य सोने के आभूषण मिले, जिनकी कुल कीमत 1.53 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस अब संजय रावत और जानकी रावत की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित