टिहरी , अप्रैल 11 -- उत्तराखंड में टिहरी जनपद के शिवपुरी क्षेत्र में पर्यटकों के साथ लापरवाही के मामलेमें पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।
साथ ही मौके से तेज आवाज में बज रहे डीजे उपकरणों को जब्त कर सीज कर दिया गया है। प्राप्त जानकारीके अनुसार दिल्ली निवासी पर्यटक दीपक सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शिवपुरी स्थित हवेली कैंप में ठहरे हुए थे। देर रात करीब 12 बजे कैंप में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। उन्होंने शोर कम करने का अनुरोध किया तो कैंप संचालक दुष्यंत सिंह और उसके कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्रता की।
शिकायत के अनुसार विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गया और रात करीब 2:30 बजे आरोपियों ने कमरे में घुसकर पर्यटक के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी दुष्यंत सिंह पुत्र सुभाष सिंह, निवासी हाउस नंबर 168, मंडी दक्षिणी, कस्बा बुढाना, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से डीजे उपकरणों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित