मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी , अगस्त 14 -- छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के थाना अंबागढ़ चौकी पुलिस ने तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए शिवनाथ नदी में डूब रही एक बुजुर्ग महिला की जान बचा ली है।
पुलिस से आज सुबह प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 अगस्त की सुबह लगभग 07:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवनाथ नदी में एक महिला तैर रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि नदी में पानी का बहाव अत्यधिक तेज है। स्थिति की नजाकत को भांपते हुए पुलिस ने स्थानीय तैराक श्रवण निषाद की मदद ली। तैराक ट्यूब के सहारे नदी में तैरकर महिला तक पहुंचे और जांच करने पर पाया कि महिला जीवित थी तथा उसकी सांसें चल रही थीं।
पुलिस टीम ने बिना एक पल गंवाए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। महिला की स्थिति अत्यंत गंभीर होने पर पुलिस जवानों ने मौके पर ही उसे सीपीआर दिया, जिससे महिला के शरीर में हलचल शुरू हुई। इसके बाद तत्काल 112 वाहन के माध्यम से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंबागढ़ चौकी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।
महिला की पहचान जमुना साहू (72) पति फिरंगी साहू निवासी ग्राम मेरेगांव, वार्ड नंबर 2, अंबागढ़ चौकी के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित