रायपुर , मई 27 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत आम निर्वाचन 2026 में कथित राजनीतिक दबाव और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयासों के विरोध में 28 मई को प्रदेशभर के थानों के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू द्वारा बुधवार को एक पत्र जारी किया गया है । जारी किए गए इस पत्र के अनुसार, शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा राजनीतिक दबाव बनाकर कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है।

पत्र में कहा गया है कि इस मामले के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पिछले दो दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि एफआईआर तत्काल हटाई जाए, कांग्रेस पार्टी के आवेदन पर भी तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए तथा संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित कर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित