सूरजपुर , जून 17 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को नवनिर्मित नगर पंचायत शिवनंदनपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर उन्हें जनसेवा और विकास के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-06 में सुसज्जित मंगल भवन निर्माण की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल सहित सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलना क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग की पूर्ति है, जिससे सुनियोजित नगरीय विकास को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ अपने प्रतिनिधियों का चयन किया है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से बिजली, पानी, सड़क, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आग्रह किया।

श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनप्रतिनिधियों को जनता और शासन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री कॉल सेंटर के माध्यम से नागरिकों को अपनी शिकायतें दर्ज कराने की सुविधा की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि नगर पंचायत बनने से शिवनंदनपुर के विकास को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे नागरिकों को बेहतर नगरीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी एवं जागरूकता स्टॉलों का अवलोकन किया। समाज कल्याण विभाग की ओर से दो दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तीन हितग्राहियों को नए आवासों की चाबियां सौंपी गईं।

महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में पोषण आहार उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान तीन गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से संवाद कर योजना के लाभों की जानकारी ली।

कार्यक्रम में आदिवासी विकास, कृषि, वन, स्वास्थ्य, जल संसाधन एवं स्कूल शिक्षा विभाग के स्टॉलों का भी अवलोकन किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग के स्टॉल में विद्यार्थियों द्वारा तैयार सोलर सैनिटेशन किट एवं अन्य वैज्ञानिक मॉडलों की मुख्यमंत्री ने सराहना की।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया। मत्स्य पालन प्रसार योजना के तहत दो हितग्राहियों को आइस बॉक्स एवं छह-छह हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं आयुष्मान भारत योजना और वय वंदन योजना के पात्र हितग्राहियों को कार्ड वितरित किए गए।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भूलन सिंह मरावी, छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, सरगुजा संभाग के आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर रेना जमील सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित