बेंगलुरु , जून 03 -- कर्नाटक में श्री डीके शिवकुमार ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और उनके साथ 13 अन्य मंत्रियों को शपथ दिलायी गयी।
राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने यहां लोकभवन में सभी मंत्रियों को एक भव्य समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। श्री शिवकुमार शपथ लेते समय हाथ में संविधान की प्रति लिये हुए थे। उनके साथ शपथ लेने वाले मंत्रियों में श्री जी परमेश्वर, के एच मुनियप्पा, के जे जॉर्ज, एम बी पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायर गौड़ा, प्रियांक खरगे, यू टी खादर, ईश्वर खंड्रे, यतींद्र सिद्दारमैया, बैरथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल शामिल हैं। श्री यतींद्र सिद्दारमैया पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के पुत्र हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, पार्टी के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा कांग्रेस-शासित राज्यों के मुख्यमंत्री तथा पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। श्री सिद्दारमैया ने पार्टी आलाकमान के निर्देश पर पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद पार्टी विधायक दल की बैठक में श्री शिवकुमार को नेता चुना गया था।
श्री शिवकुमार का राजनीतिक सफर जमीनी स्तर के संगठनात्मक कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने का उदाहरण माना जाता है। उनका राजनीतिक जीवन कई उतार-चढ़ावों से गुजरा है। वर्ष 2019 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के दौरान उन्हें तिहाड़ जेल भी जाना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने राज्य की राजनीति में अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी। कांग्रेस संगठन में दशकों तक सक्रिय भूमिका, संकट प्रबंधन और मजबूत जनाधार ने उन्हें राज्य की राजनीति के शीर्ष पद तक पहुंचाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित