बेंगलुरु , फरवरी 14 -- कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने मशहूर कन्नड़ फिल्म निर्माता जो साइमन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने साइमन के निधन को कन्नड फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
गौरतलब है कि कन्नड फिल्म निर्माता साइमन का शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वह 80 वर्ष के थे। साइमन को कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स में कार्यकारी समिति की बैठक में कल बेचैनी महसूस हुई और उन्हें मल्लिगे अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने साइमन के निधन को कन्नड़ फिल्म उद्योग के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "कन्नड़ सिनेमा के मशहूर निर्देशक एवं हास्य कलाकार जो साइमन का हृदयघात से निधन बहुत दुखद घटना है। जो साइमन दशकों से कन्नड़ सिनेमा में सक्रिय थे और मांड्या के रहने वाले थे। उन्होंने 100 से ज़्यादा फिल्मों में अभिनेता, निर्देशक और गीतकार के तौर पर काम किया था। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को यह दर्द सहने की ताकत दे। ओम शांति।"विपक्ष के नेता आर अशोक ने एक अभिनेता, निर्देशक और संवाद लेखक के तौर पर साइमन के योगदान को याद किया और विष्णुवर्धन की 'साहसा सिम्हा' समेत उनकी सफल फिल्मों के बारे में बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित