बेंगलुरु , मई 20 -- कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस के भीतर नेतृत्व परिवर्तन और आंतरिक सत्ता संघर्ष की अटकलों को खारिज करते हुये कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ उनकी हालिया बैठक केवल शासन तथा संगठनात्मक मामलों पर केंद्रित एक सामान्य चर्चा थी।

श्री शिवकुमार ने कहा, "मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि श्री खरगे के साथ मेरी बैठक एक सामान्य प्रक्रिया थी। मुख्यमंत्री पद या किसी नेतृत्व परिवर्तन पर कोई चर्चा नहीं हुयी।" उन्होंने पार्टी के भीतर गुटबाजी का संकेत देने वाली खबरों को निराधार बताते हुये खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "आंतरिक मतभेदों या नेतृत्व की खींचतान के बारे में जो कुछ भी खबरें आ रही हैं, वे पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। हमारा ध्यान केवल सरकार और पार्टी संगठन को मजबूत करने पर है।"उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस नेतृत्व एकजुट और शासन के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रशासन और संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने के प्रयास किये जा रहे हैं।

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के शपथ ग्रहण समारोह के बाद बेंगलुरु लौटने के दौरान श्री खरगे ने मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और श्री शिवकुमार के साथ चर्चा की थी। इन बैठकों में शासन के मुद्दों और आंतरिक संगठनात्मक समन्वय पर चर्चा की गयी।

श्री शिवकुमार ने कहा कि यदि श्री राहुल गांधी ने उन्हें आमंत्रित किया, तो वह दिल्ली की यात्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि वह पार्टी अनुशासन और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्ध हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित