बेंगलुरु , मई 02 -- कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर नए सिरे से उठ रही चर्चाओं के बीच, गृह मंत्री जी परमेश्वर ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार की मुख्यमंत्री बनने की आकांक्षा स्वाभाविक है।

हालांकि उन्होंने इस मुद्दे पर कांग्रेस आलाकमान में हुई चर्चाओं की जानकारी होने से इनकार किया।

श्री परमेश्वर की टिप्पणियां सत्तारूढ़ कांग्रेस में सत्ता-साझेदारी व्यवस्था को लेकर बढ़ती अटकलों के बीच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हाल की राजनीतिक बैठकों और श्री शिवकुमार की ओर से 'मुहूर्त' को लेकर दिये गये बयान ने माहौल को गरमा दिया है। इसने राज्य में संभावित सत्ता परिवर्तन पर नई बहस भी छेड़ दी है।

यहां पत्रकारों से बात करते हुए श्री परमेश्वर ने पुष्टि किया कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता बी के हरिप्रसाद ने हाल ही में मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से मुलाकात की थी लेकिन उन्होंने कहा कि बातचीत में क्या हुआ उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।

उन्होंने कहा, "मुझे पता है कि श्री हरिप्रसाद ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी लेकिन उन्होंने यह खुलासा नहीं किया कि बातचीत किस बारे में हुई। उन्होंने बस इतना बताया कि उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री से हुई थी।"कर्नाटक के गृह मंत्री ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने, हरिप्रसाद और मंत्री ज़मीर अहमद खान ने रात्रिभोज पर एक अलग बैठक की, जिसमें उन्होंने विभिन्न राज्यों में विधानसभा चुनावों के परिणामों, राष्ट्रीय राजनीतिक घटनाक्रमों और कर्नाटक में उभरती राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि हमने राष्ट्रीय स्तर पर क्या होने वाला है इसका विश्लेषण किया और स्वाभाविक रूप से अपने राज्य के राजनीतिक घटनाक्रमों पर भी चर्चा की, जिससे कांग्रेस के आंतरिक राजनीतिक समीकरणों को लेकर रहस्य और बढ़ गया है।

नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच दिल्ली में संभावित परामर्शों की खबरों पर श्री परमेश्वर ने सस्पेंस बनाए रखते हुए कहा, ''मुझे दिल्ली जाने से कोई नहीं रोक सकता और जब जरूरत होगी मैं दिल्ली जाऊंगा।''श्री शिवकुमार की हालिया मुहूर्त वाली टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर श्री परमेश्वर ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "किस बात का मुहूर्त?" और फिर खुले तौर पर शिवकुमार की मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षाओं को स्वीकार किया।

उन्होंने कहा, "मैं हमेशा उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। हम अच्छे दोस्त हैं। वह पीसीसी अध्यक्ष हैं। स्वाभाविक रूप से उनकी मुख्यमंत्री बनने की आकांक्षा है। इस पर कोई आपत्ति नहीं कर सकता।"उसी दौरान श्री परमेश्वर ने इस बात पर जोर देकर राजनीतिक माहौल को शांत करने का प्रयास किया कि पार्टी में होने वाली हर चर्चा को मुख्यमंत्री पद से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित