बेंगलुरु , मार्च 17 -- कर्नाटक सरकार में उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार मंगलवार को नयी दिल्ली के दौरे पर रहेंगे, जहां वह कर्नाटक के सांसदों से मुलाकात कर केंद्र सरकार के पास लंबित प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दिलाने के लिए समर्थन मांगेंगे।
उनका यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब कर्नाटक, आंध्र प्रदेश द्वारा अपर कृष्णा परियोजना (यूकेपी) पर उठाई गई आपत्तियों का समाधान करना चाहता है और इसके समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए केंद्र का सहयोग चाहता है।
श्री शिवकुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य की कई महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाएं लंबे समय से केंद्र से मंजूरी, स्वीकृति और वित्तीय सहायता का इंतजार कर रही हैं, जिससे किसानों और जल संसाधन प्रबंधन पर असर पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ मंत्री एचके पाटिल, श्री एमबी पाटिल और श्री बोसाराजू से इस मुद्दे पर चर्चा की गई है, और कर्नाटक के सभी सांसदों को फोन के माध्यम से बैठक के लिए आमंत्रित किया गया है। बैठक में सांसदों को लंबित परियोजनाओं की स्थिति और समन्वित प्रयास की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सभी दलों के सांसदों को राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहिए, ताकि केंद्र पर दबाव बनाकर परियोजनाओं को जल्द मंजूरी दिलाई जा सके और आवश्यक धनराशि जारी हो।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में होने वाली चर्चाओं में प्रमुख और मध्यम सिंचाई परियोजनाओं को जल्द मंजूरी दिलाने, अंतर-राज्यीय नदी विवादों के समाधान और कर्नाटक के हिस्से के पानी को सुनिश्चित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित