शिलांग , अक्टूबर 23 -- मेघालय के उप मुख्यमंत्री एवं गृह विभाग के प्रभारी प्रेस्टोन तिनसोंग ने आश्वासन दिया है कि राजधानी शिलांग में हुए पेट्रोल बम हमलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

श्री तिनसोंग ने कहा, "हम हाल ही में हुई आगजनी, पेट्रोल बम हमलों और शांति-व्यवस्था को बिगाड़ने वाली आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।"राज्य की राजधानी में कई जगहों पर नकाबपोश उपद्रवियों ने पेट्रोल बम फेंके। इनमें गुरुवार को यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय पर हुआ हमला भी शामिल है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमलावरों की पहचान करने के लिए जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिलांग में सुरक्षा को और मजबूत करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित