अमृतसर , अक्टूबर 30 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के वार्षिक चुनाव के लिए 20 नवंबर को आम इजलास बुलाया गया है। यह फैसला शुक्रवार को एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई अंतरिम समिति की बैठक में लिया गया।

एसजीपीसी के मुख्यालय स्थित तेजा सिंह समुद्री हॉल में दोपहर 12 बजे होने वाले इस इजलास में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, महासचिव और अंतरिक कमेटी के सदस्यों का चुनाव किया जाएगा।

बैठक में नशीले पदार्थ के खिलाफ संघर्ष करने वाले भाई परविंदर सिंह झोटा की हत्या की निंदा करते हुए उनकी तस्वीर श्री दरबार साहिब परिसर स्थित केंद्रीय सिख संग्रहालय में लगाने को मंजूरी दी गई। कमेटी ने कहा कि पंजाब में नशों का बढ़ता चलन गंभीर चिंता का विषय है। प्रस्ताव में आरोप लगाया गया कि सरकार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय नशों के विरुद्ध आवाज उठाने वालों को निशाना बना रही है। भाई परविंदर सिंह ने पंजाब की युवा पीढ़ी को नशों से बचाने के लिए संघर्ष किया और इस उद्देश्य के लिए अपनी जान गंवाई।

अंतरिम समिति ने मानसा में नशों के खिलाफ चल रहे संघर्ष के दौरान करीब 40 युवाओं के विरुद्ध पुलिस द्वारा प्राथमिकीदर्ज करने और कुछ युवाओं को गिरफ्तार करने की भी निंदा की। प्रस्ताव में प्रदर्शन के दौरान सिखों की दस्तारें उतारने और महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई। कमेटी ने पंजाब सरकार से युवाओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द करने, गिरफ्तार युवाओं को तुरंत रिहा करने और नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

बैठक में भाई परविंदर सिंह की हत्या के विरोध में धरने में शामिल होने गए भाई मनप्रीत सिंह की पोस्टर उतारते समय करंट लगने से हुई मौत पर भी दुख जताया गया। कमेटी ने उनके परिवार को ढाई लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने को मंजूरी दी। इसके अलावा जून 1984 में श्री हरिमंदिर साहिब पर हुए सैन्य हमले के विरोध में विद्रोह करने वाले 479 सिख धर्मी सैनिकों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने का फैसला किया गया। एसजीपीसी कर्मचारियों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की भी मंजूरी दी गई।

बैठक की शुरुआत में एसजीपीसी सदस्य अमरजीत सिंह भलाइपुर, जत्थेदार सूबा सिंह डबवाला और भाई परविंदर सिंह के निधन पर मूल मंत्र और गुरमंत्र का जाप कर श्रद्धांजलि दी गई।

बैठक में एसजीपीसी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुजीत सिंह विरक, कनिष्ठ उपाध्यक्ष बलदेव सिंह कल्याण, महासचिव शेर सिंह मंडवाला, मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण सहित अंतरिक कमेटी के सदस्य और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित