शिमला , फरवरी 23 -- हिमाचतल प्रदेश में शिमला की पुलिस ने जिले के चिरगांव इलाके में हुई हत्या के मामले में फरार दो हमलावलों को 48 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी ललित राणा उर्फ लक्ष्मण राणा (20) और शाहबीर लुवर (21), दोनों नेपाल के जाजरकोट जिले के रहने वाले हैं, उन्हें सोमवार को कुल्लू जिले के कसोल से गिरफ्तार किया गया। तकनीकी निगरानी और डिजिटल सबूतों से मिली जानकारी के आधार पर उन्हें ट्रैक किया गया। यह मामला नेपाल मूल के मजदूर राकेश प्रताप (36) की हत्या से जुड़ा है, जिसका शव 18 फरवरी को पब्बर नदी के किनारे मिला था। उसके सिर पर धारदार हथियार से जानलेवा चोटें आई थीं और उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे।

शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में मृतक को वारदात से एक दिन पहले आरोपियों के साथ देखा गया था। जांच में पता चला कि तीनों ने बडियारा गांव में शराब पी और बाद में नदी किनारे गए, जहां एक मामूली झगड़ा बढ़ गया। आरोपियों ने कथित तौर पर प्रताप पर पत्थरों और धारदार हथियार से हमला किया, उसका चेहरा बिगाड़ दिया, उसका फोन तोड़ दिया और भाग गए।

एसएसपी ने लोगों से अपील की है कि वे किराएदारों और प्रवासी मजदूरों का लोकल पुलिस के पास सही पंजीकरण करवाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित